तीन लोक से बढ़कर है चित्रकूट का गौरव

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए गौरव दिवस कार्यक्रम में

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज  सिंह चौहान ने प्रदेश के हर नगर का गौरव दिवस जन्मदिन के भांति मनाने की जो परंपरा शुरू की उसके तहत रामनवमी पर चित्रकूट का गौरव दिवस मनाया गया। इस समारोह वे परिवार सहित शामिल हुए।  उन्होंने मंदाकिनी नदी के उद्धार की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने समारोह में घोषणा की कि मंदाकिनी के जल को अविरल बहने के लिए  प्रदेश    की नर्मदा नदी का जल मंदाकिनी में मिलाएंगे।  चित्रकूट की मंदाकिनी नदी को सदा नीरा बनाये रखने के लिये मझगवां में प्रथम चरण में 243 करोड़ 79 लाख रूपए की लागत से बांध बनेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने गृह ग्राम जैत का प्रदेश में सबसे पहले गौरव दिवस मनाया। इसके बाद पूरे प्रदेश में नगरों और गांवों के गौरव दिवस मनाने की बात कही। मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए इस कदम के तहत लगातार राज्य के नगरों के गौरव दिवस मनाए जा रहे हैं। इसके तहत रामनवमी पर चित्रकूट का गौरव दिवस मनाया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री परिवार सहित  शामिल    हुए। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ चित्रकूट में साढ़े 11 वर्ष वनवास का समय बिताया। चित्रकूट का कण-कण राममय है। चित्रकूट की महिमा और गौरव का बखान तीन लोक से बढ़कर है। आज यहाँ संत समाज और प्रबुद्धजन ने चित्रकूट के विकास का संकल्प लिया है। मैं भी मंदाकिनी नदी की धारा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने का संकल्प लेता हूँ। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट की मंदाकिनी नदी को सदा नीरा बनाए रखने के लिये मझगवां में प्रथम चरण में 243 करोड़ 79 लाख रूपए की लागत से बांध बनेगा। इसके बाद दूसरे चरण का कार्य भी किया जाएगा।

मंदाकिनी तक लाएंगे नर्मदा का जल

मुख्यमंत्री शिवराज   सिंह चौहान ने कहा कि भगवान कामतानाथ की कृपा से बरगी नहर की टनल का काम पूरा होते ही नर्मदा का जल हम मंदाकिनी नदी तक लेकर आएंगे। इन दो पावन नदियों के मिलन से अनूठा संगम बनेगा। इसकी डीपीआर बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं। मंदाकिनी नदी में कटाव को रोकने के लिये 30 करोड़ 9 लाख रूपए के प्रोजेक्ट को भी मंजूर किया गया है। इसके बाएं तट पर सुंदर घाट बनाए जाएंगे। चित्रकूट में सीसी रोड निर्माण के लिये 49 करोड़ 39 लाख रूपये तथा शहर में सड़कों एवं नालियों के निर्माण के लिए 62 करोड़ रूपए का प्रोजेक्ट मंजूर किया गया है। अमृत योजना से भी 12 करोड़ रूपए के कार्य मंजूर किये जा रहे हैं। चित्रकूट में 127 करोड़ 47 लाख रूपए के कार्य मंजूर किए गए हैं। साथ ही तुलसी मार्ग वन विभाग परिसर में 2 करोड़ रूपए की लागत से सामुदायिक भवन तथा 23 लाख रूपये की लागत से बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी। भूमिगत बिजली लाईन के लिए भी प्रोजेक्ट स्वीकृत कर दिया गया हैं।

हर साल रामनवमी को मनेगा गौरव दिवस

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह  चौहान ने कहा कि आज का दिन चित्रकूट के लिए गौरव का दिवस है। अब हर साल रामनवमी को चित्रकूट का गौरव दिवस मनाया जाएगा। सरकार और समाज मिलकर चित्रकूट के समग्र विकास का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि चित्रकूट को स्वच्छता में नंबर वन शहर बनाएं।

धन की नहीं आने दी जाएगी कमी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदाकिनी मैया में जल प्रवाह के कारण घाटों का क्षरण हो रहा है, तो इसकी रोकथाम के लिए घाटों का नवनिर्माण किया जायेगा। इसके लिए 60 प्रतिशत राशि भारत सरकार और शेष 40 प्रतिशत प्रदेश सरकार द्वारा प्रदाय की जाएगी। मेरे चित्रकूट के भाइयों-बहनों, स्वच्छता में इसे ऐसे चमका दीजिए  कि भारत में इसकी अलग छटा दिखाई दे। इस अद्भुत नगर को हम सब मिलकर ऐसा बना दें कि जो यहां आए, इसे देखता ही रह जाए। चित्रकूट के कण-कण में भगवान श्रीराम की कृपा बसी है। इसके गौरव और सम्मान की रक्षा के साथ विकास के हरसंभव उपाय करेंगे। चित्रकूट के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

 

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल