बूथ विस्तारक बने शिवराज सिंह चौहान

संगठन के अभियान में ले रहे हिस्सा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संगठन में भी उतनी ही भागीदारी कर रहे हैं, जितनी सरकार चलाने के लिए वे करते हैं। इन दिनों वे विस्तारक की भूमिका में जिलों में जा रहे हैं और बूथ स्तर पर पार्टी कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। उनकी इस भूमिका को देख पार्टी कार्यकर्ता की सक्रियता भी बढ़ी है।

मध्यप्रदेश भाजपा ने 2023 के चुनाव को देखते हुए प्रदेश में सबसे बड़ा अभियान बूथ विस्तारक चलाया है। इस अभियान में संगठन के पदाधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी शामिल हो रहे हैं। 30 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान में मुख्यमंत्री पूरे दस दिन सक्रिय रहेंगे। वे भी आम कार्यकर्ता की तरह बूथ विस्तारक बनकर बूथ पर जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते दिनों देवास जिले के टोंक खुर्द में बूथ विस्तारक अभियान के तरह बैठक ली। इसके बाद वे आज सागर जिले के देवरी के ग्राम पहुंचे।

65 हजार बूथों पर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा संगठन पदाधिकारी और पार्टी के 20 हजार कार्यकर्ता 30 जनवरी तक प्रदेश में 65 हजार बूथों पर जाकर हर बूथ को डिजिटल व सक्षम बनाने के लिए कार्य करेंगे। भाजपा के इस अभियान  के अंतर्गत 20 हजार कार्यकर्ता 10 दिन, 10 घंटे प्रतिदिन यानी कुल 10 दिन में 20 लाख घंटे का समर्पण करते हुए प्रदेश के 65 हजार बूथों पर जाने वाले हैं।

केन्द्र, राज्य की योजनाओं की दे रहे जानकारी

बूथ विस्तारक योजना के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। सभी बूथ संगठन को मजबूत बनाने एवं पार्टी के विचारों को बूथ-बूथ तक पहुँचाने का संकल्प संगठन ने लिया है। इस संकल्प को सरकार, संगठन और कार्यकर्ता पूरा करने में जुटे हैं।

 नगड़िया बजाकर गाए गीत

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहन ने सागर जिले के ग्राम बसा में विस्तारक के रूप में पहुंचे और बूथ क्रमांक 59 पर बूथ समिति एवं पन्ना समिति की बैठक ली। ग्राम बसा पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बुंदेली परंपरा से भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने बहनों के साथ जमकर नगड़िया बजाई और बुन्देली गीत गाये। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाएं, बेईमानों पर निगरानी रखें बूथ कार्यकर्ता।

नवमतदाताओं को पार्टी से जोड़ें बूथ कार्यकर्ता

बूथ समिति तथा पन्ना समिति की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महीने के अंतिम रविवार को मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से संबोधित करते हैं, जिसको हमें सुनना है। महीने में एक बार बूथ समिति की बैठक होना चाहिए, जिसमें पार्टी के कार्यों एवं केंद्र तथा राज्य सरकारों की योजनाओं पर चर्चा होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें 18 वर्ष की आयु के बच्चों को भी पार्टी से जोड़ना है, जो हमारे नवमतदाता हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से कोविड अनुरूप व्यवहार करने तथा वेक्सीन जरूर लगवाने का आग्रह करते हुए कहा कि इसके कारण सभी तरह की गतिविधियां बंद हो जाती हैं और इसका असर सरकार के खजाने पर भी पड़ता है। लेकिन इस दौर में भी लोगों की रोजी-रोटी चलती रहे, उसका इंतजाम प्रदेश सरकार ने किया है।

आदिवासी परिवार के यहां किया भोजन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर जिले के केसली विकासखंड के सीमावर्ती जनजातीय बहुल ग्राम बसा में आदिवासी युवक बृजेश मर्सकोले के घर दोपहर का भोजन किया। मुख्यमंत्री के केंद्रीय खाद्य प्र-संस्करण उद्योग एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने भी भोजन किया। मर्सकोले परिवार ने पूरे अपनत्व के साथ अतिथियों को भोजन कराया। मर्सकोले परिवार ने अपने घर आये मुख्यमंत्री  और अन्य अतिथियों को ज्वार और मक्के की रोटी, मुनगा के फूल की कढ़ी, चिरपोटा की चटनी, चना निगोना परोसा। मुख्यमंत्री ने भोजन करने के बाद स्थानीय व्यंजनों के स्वाद और भोजन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने बृजेश मर्सकोले परिवार को मुख्यमंत्री आवास आने का निमंत्रण दिया।

 

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल