प्रदेश के दलितों ने मोदी योगी को भरपूर प्यार दिया- डा0 निर्मल

लखनऊ 11 मार्च 2022 उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष डा0 लालजी प्रसाद निर्मल ने भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश के दलितों ने विधान सभा के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा प्रदेश के दलितों, वंचितों एवं गरीबों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके सशक्तीकरण का जो सराहनीय कार्य किया गया है, उसका आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के दलितों ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करके मोदी योगी के प्रति अपना प्यार समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि आवास, उज्वला, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन आदि विभिन्न योजनाओं के 70 से 80 प्रतिशत लाभार्थी गरीब, दलित, वंचित समाज के रहे हैं, जिसके लिए इन वर्गों ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट कर प्रदेश में जातीय राजनीति को समाप्त कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आस्था व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्तियों में पारदर्शिता, स्थानान्तरण उद्योग पर विराम लगाते हुए भ्रष्टाचार पर निर्मम प्रहार किया। उक्त के अतिरिक्त दंगामुक्त और भयमुक्त उत्तर प्रदेश में मध्यम वर्गीय और उच्च वर्गीय जनमानस के मन में मोदी योगी के प्रति विश्वास जगा जिसका परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की दुबारा वापसी हुई है। इस अप्रतिम ऐतिहासिक विजय के लिए डा0 लालजी प्रसाद निर्मल ने प्रदेश के कर्मयोगी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मिलकर उन्हें आज बधाई दी।