आज खोले गए सिखों के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट

चमोली: उत्तराखंड के पांचवे धाम और विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल व सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के कपाट आज सुबह 09.30 बजे पूरे विधि-विधान के साथ खोले दिए गए है। हेमकुंड साहिब उच्च हिमालय में 15225 फिट पर सिखों का सबसे ऊंचा तीर्थ स्थल है। जत्थे में तीन हजार से अधिक संगत शामिल रहे। पंज प्यारों की अगुआई में आज सुबह छह बजे घांघरिया से हेमकुंड साहिब के लिए संगत रवाना हुई। सुबह 9 बजे लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के भी कपाट पूरे विधि-विधान के साथ खोले गए। 9:30 बजे हेमकुंड साहिब के कपाट खोले गए

हेमकुंड साहिब की यात्रा दो साल बाद अपने भव्य स्वरूप में आज से शुरू हो गई है। इसको लेकर भ्यूंडार घाटी में उल्लास का माहौल है। सेना के बेंड के मधुर ध्वनि के बीच तीन हजार से अधिक सिख श्रदालुओं की संगत के बीच हेमकुंड साहिब के कपाट खोले गए। घाटी के ग्रामीण गोविंदघाट से लेकर हेमकुंड साहिब के बेस कैंप घांघरिया तक होटल-ढाबा, घोड़ा-खच्चर व डंडी-कंडी समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधि संचालित करते हैं। इस बार हर दिन 5 हजार श्रद्धालुओं को हेमकुंड साहिब का दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी। वहीं यात्रा कर रहे सभी यात्रियों के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य रखा गया है।