मध्यप्रदेश के उज्जैन में विक्रमोत्सव का आगाज 18 फरवरी से होने जा रहा है। इस बार भी इसे भव्य तरीके से मनाए जाने की तैयारियां चल रही है। इसकी तैयारियों की समीक्षा के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि उज्जैन में विक्रमोत्सव 2023 के लिए प्रारंभ तैयारियों को तय समय पर पूरा किया जाए।

इस बार विक्रमोत्सव में महाशिवरात्रि से वर्ष प्रतिपदा तक भक्ति गायन, प्रदर्शनी, हस्तशिल्प व्यापार मेला, नाट्य प्रस्तुति, पुस्तक मेला, भजन मंडलियों की स्पर्धा, फिल्म समारोह, राष्ट्रीय वेद समागम, राष्ट्रीय युवा विज्ञान सम्मेलन, कवि सम्मेलन, प्रकाशन लोकार्पण, विभिन्न देशों के दलों द्वारा रामायण और महाभारत के प्रसंगों की प्रस्तुतियों के अलावा “वृहत्तर भारत में संस्कृति साहित्य और पुरातत्व” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी होगी। सृष्टि आरंभ दिवस, वर्ष प्रतिपदा पर प्रख्यात पार्श्व गायिकाएं अपने संगीत दलों के साथ मंचीय कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।

बुधवार को हुई बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव उपस्थित थे। संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर वर्चुअली सम्मिलित हुईं। अपर मुख्य सचिव शैलेन्द्र सिंह, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव जनसंपर्क राघवेन्द्र कुमार सिंह, पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक एस. विश्वनाथन, संस्कृति संचालक अदिति कुमार त्रिपाठी, संचालक महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ श्रीराम तिवारी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।