80 बनाम 20 का अर्थ सकारात्मक बनाम नकारात्मकः योगी

पिछली सरकारों के तुष्टीकरण के पाप को जनता भोगती थीः सीएम* “सबका साथ, सबका विश्वास के मंत्र पर चलती है भाजपा सरकार” देश में जिन्नावादियों के लिए कोई जगह नहीं- योगी ओवैसी घबराये हैं कि हैदराबाद भाग्यनगर हो जाएगा तब क्या होगाः योगी

80 बनाम 20 का अर्थ सकारात्मक बनाम नकारात्मक है। 80 वो हैं जो सकारात्मक सोच के हैं, जिन्हें राष्ट्रवाद, सुशासन और सुरक्षा अच्छी लगती है। 20 में वो हैं, जिन्हें माफिया, दंगाई और आतंकी अच्छे लगते हैं और जो प्रदेश के विकास में बाधक हैं। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक साक्षात्कार के दौरान कहीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव के सपने वाले बयान पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान कृष्ण कोसते होंगे कि सरकार बनने पर दंगा करवा दिया। उन्होंने विकास का श्रेय लेने के आरोप का भी जवाब दिया कि जैसे भगवान कृष्ण सपने में आ रहे हैं, वैसे विकास के भी सपने आ रहे हैं। यह उनका पश्चाताप है कि उन्होंने क्यों नहीं किया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस सोमनाथ मंदिर का पुनुरुद्धार में बाधक थी तो दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लागू कर रही थी। कांग्रेस ने तो भगवान राम और कृष्ण को मिथक कह दिया था। सपा और बसपा समर्थन कर रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर में ताला लगवा दिया और कहते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। आज वे मंदिर जा रहे हैं। पिछली सरकारों के तुष्टीकरण के पाप को जनता भोगती थी। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ, सबका विश्वास के मंत्र पर सरकार चलाती आई है, तुष्टिकरण की नीति पर नही।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर जिन्ना को महिमामंडित कर अखिलेश यादव ने पटेल का अपमान किया। इस देश में जिन्नावादियों के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने चुटकी ली कि ओवैसी घबराये हैं कि हैदराबाद भाग्यनगर हो जाएगा तब क्या होगा। मुझे औवैसी के सर्टिफिकेट की कोई जरूरत नहीं है।

हिंदुत्व जीवन पद्धति है: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिन्दुत्व जीवन पद्धति है और हमारी सांस्कृतिक पहचान है। मुझे हिन्दू होने पर गर्व है। भारत सेक्यूलर इसलिए है क्योंकि यहां हिन्दू बहुसंख्यक है। सीएम ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज अपने को एक्सीडेंटल हिन्दू कहते थे। वह इसी के एडवांस वर्जन हैं। उनकी बातों को उनकी पार्टी ही गंभीरता से नहीं लेते तो जनता क्या लेगी। विपक्ष की निष्ठा संदेहास्पद है। सीएम ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक को साजिश करार दिया, साथ ही इसके पर्दाफाश की मांग की। मुख्यमंत्री ने लखीमपुरी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष वर्ग संघर्ष चाहता था, लेकिन सरकार और जनता ने होने नहीं दिया।

पहले की और हमारी सरकार में फर्क साफ हैः सीएम

सीएम ने कहा कि पहले की और हमारी सरकार में फर्क साफ है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले आस्था के साथ खिलवाड़ होता था, अपराधियों और माफियाओं के मुकदमे वापस होते थे। बेटियां असुरक्षित थीं। हमारी सरकार में आस्था का सम्मान होता है। अपराध के खिलाफ जीरो टालरेंस है। उत्तर प्रदेश विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य यूपी को नंबर एक राज्य बनाना है।

2022 में राष्ट्रवाद की सुनामी आएगीः योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 में राष्ट्रवाद की एक सुनामी आएगी। सपा की दुर्गति होने जा रही है। 2019 में भी खयाली पुलाव बनाए थे। सपा, बसपा और लोकदल एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़े और बुरी तरह से हारे थे। इस बार भी यही होने जा रहा है।