457 दूल्हों की बारात लेकर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज

कराया भांजियां का विवाह, कहा बेटियों की चिंता मत करो, मामा निभाएगा जिम्मेदारी

मामा के नाम से मध्य प्रदेश और देश में प्रसिद्ध हो चुके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान   अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ 457 दूल्हों की बारात लेकर पहुंचें। उन्होंने भांजियों की शादी कराई और बारात का भव्य स्वागत भी किया। इतना ही नहीं भांजियों के परिजनों से साफ  कहा कि आप बेटियों की चिंता न करें, मामा सारी जिम्मेदारी निभाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने  सपत्नीक सीहोर जिले के नसरुल्लागंज में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में 457 दूल्हों की बारात को लेकर पहुंचे तो नजारा देखते ही बना। उन्होंने  सामूहिक विवाह सम्मेलन स्थल पर बारात पहुँचने पर दूल्हे और बारातियों का तिलक लगाकर और फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान और साधना सिंह ने भी पुष्प वर्षा कर सभी दूल्हों का स्वागत किया। पुरोहित द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विवाह संस्कार सम्पन्न कराया गया। सभी वर-वधु द्वारा एक-दूसरे को वरमाला पहनाने और सात फेरों के साथ ही विवाह सूत्र में बंध गए। मुख्यमंत्री और पत्नी साधना सिंह ने वर-वधुओं को नवदाम्पत्य जीवन  की शुभकामनाएं दीं।

सभी दूल्हों को बताया अपना दामाद

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सभी बेटियों के सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने सभी जोड़ों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी बेटियां मेरी भांजी हैं। इस रिश्ते से यहां आए सभी दूल्हे मेरे दामाद हैं। इसलिए मैंने सभी दूल्हों का फूल बरसाकर स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि पूरा नसरूल्लागंज बराती और घराती बना हुआ है और पूरा नसरुल्लागंज मंडप जैसा सजा है। यह एक मनोरम और बहुत ही अद्भुत नजारा है।

46 बेटियों का कराया निकाह

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी सराहना की जिन्होंने दूल्हा-दुल्हन को अपनी तरफ से भी गिफ्ट दिए। उन्होंने कहा कि आज से पूरे प्रदेश में सामूहिक विवाह सम्मेलन प्रारंभ हो गए हैं। आज 457 बेटा-बेटियों की शादी हो रही है। यहां 46 बेटियों का निकाह भी हो रहा है। मुख्यमंत्री  ने कहा कि अब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में राशि बढ़ाकर 55 हजार कर दी गई है, जिसमें 11 हजार रूपये बेटी के खाते में जमा किये जा रहे हैं। साथ ही गृहस्थी का जरूरी सामान दिया जा रहा है। इसमें एलइडी टीवी, सीलिंग फेन, साड़ियां, मेकअप बॉक्स, आभूषण, कुकर और बर्तन सेट शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी जोड़ों को पलंग भी दिया जाएगा।

विवाह की जिम्मेदारी मामा करेगा पूरी

सामूहिक विवाह के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बेटियों की विदाई के वक्त भावुक भी हुए। इस दौरान उनके मुंह से सहज ही भावुकता वश बाबुल की दुआएँ लेती जा, जा तुझको सुखी संसार मिले गीत निकल गया। उन्होंने कहा कि सभी माता-पिता से कहता हूँ कि अपनी बेटियों की चिंता न करें, बेटियों के विवाह की सारी जिम्मेदारी मामा पूरी करेगा।

उपहार सामग्री का वितरण

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में हुए विवाह सम्मेलन में प्रति हितग्राही बेटी को 55 हजार रूपए के प्रावधान में 6 हजार रूपये विवाह आयोजन व्यय के साथ वधु को 38 हजार रूपए की सामग्री एवं 11 हजार रूपए का चेक दिया गया।

दिव्यांग जोड़े को तीन लाख रूपए

कन्या विवाह सम्मेलन मे मुख्यमंत्री ने दिव्यांग जोड़े अंसार खान और रिजवाना को तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। इसमें दो लाख रूपए योजना में तथा एक लाख रूपए अपनी ओर से देने की घोषणा की। सांसद रमाकांत भार्गव तथा प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने भी संबोधित किया और वर-वधू को शुभ आशीष दिया।

 

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल