लोग जो सोचते नहीं, जनता के आशीर्वाद से भाजपा वह करके दिखाती है : शिवराज

सीएम शिवराज सिंह ने भरोसा जताया कि सही नगर सरकार चुनी जायेगी और भारतीय जनता पार्टी इन चुनावों में शानदार सफलता प्राप्त करेगी।
भोपाल। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण में आज बुधवार को राजधानी भोपाल समेत अनेक नगरों में मतदान प्रक्रिया जारी है। लोगों में सात साल बाद नगर सरकार चुनने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि भाजपा इन चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी और कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा। उन्होंने कहा कि यह जनता की जागरुकता है कि बरसात के मौसम में भी लोग निकल पड़े हैं, लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेने और सही नगर सरकार चुनने के लिए।

मुझे पूरा विश्वास है कि सही नगर सरकार चुनी जायेगी और भारतीय जनता पार्टी शानदार सफलता प्राप्त करेगी। लोग जो सोचते नहीं हैं, भाजपा वह लोगों के आशीर्वाद से करके दिखाती है। हम पहले भी शिखर पर थे, अब भी शिखर पर होंगे। हम शिखर पर कोई अभिमान के कारण नहीं, सेवा के कारण हैं। जनता की सेवा करने हेतु हम नगर पालिका, नगर निगम, जिला पंचायत में हमारी पार्टी जीत हासिल करे, यह प्रयत्न कर रहे हैं।

कमल नाथ पर किया तंज

इस अवसर पर उन्होंने विरोधी दल कांग्रेस और उसके नेता व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर भी तंज किया। उन्होंने कहा कि कमल नाथ जी नगर निगम पर कब्जे की बात इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें वहां से कुछ निकालना है। हम तो जनता से विनम्रता से कह रहे हैं कि सेवा के लिए भाजपा के सेवक चुनें, ताकि नगर और गांवों का समुचित विकास हो सके।