सरकार के साथ समाज खड़ा हो तो चमकेंगे शहर : शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार के साथ समाज खड़ा हो तो हमारे ष्शहर चमकेंगे। हमारे शहर ग्रोथ के इंजन है, इन्हें हमको सर्व सुविधायुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से मुक्त कराई जमीनों पर प्रदेश में गरीबों के आवास बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी भोपाल में नगरोदय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारे शहर ग्रोथ के इंजन हैं। इन्हें सर्व-सुविधायुक्त बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहरों के विकास के जो पांच मंत्र दिए हैं, मध्यप्रदेश तेजी से उनका क्रियांवयन करेगा। इनमें शहरों को राज्य का चेहरा बनाते हुए नागरिकों के जीवन को आसान बनाएंगे, प्रत्येक नगरवासी को गुणवत्तापूर्ण जीवन, निर्धन वर्ग को असमानताओं से मुक्त कर लाभान्वित करने और आत्म-सम्मान के साथ जीने की सुविधा देने का मंत्र शामिल है। शहर साफ-सुंदर हों, कोई भूखा न सोए, कोई बेघर और बेरोजगार न हो, कोई अनाथ न हो, गरीबों के अपने पक्के मकान का सपना पूरा हो और शहरों में कोई कुविचारी भी न हों, ऐसी व्यवस्था बनाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। निर्धन वर्ग को आवास के लिए स्थान निर्धारित कर पट्टे एवं पक्का घर देने का कार्य किया जाएगा। जिस जगह नागरिक रहते हैं वहीं पक्के मकान के लिए राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर गरीब को अपना पक्का मकान उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। मध्यप्रदेश इस संकल्प को पूरा करने में आगे रहेगा। दबंगों से मुक्त करवाई गई 21 हजार एकड़ भूमि पर गरीब वर्ग के आवास निर्मित करने की योजना मूर्तरूप लेगी।

अवैध कालोनियों से जूझते हैं शहर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शहर अवैध कॉलोनियों की समस्या से भी जूझते हैं। इसके लिए कालोनियों को वैध करने की नीति तैयार की गई है। इन कॉलोनियों में सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन कॉलोनियों में वैध रूप से विद्युत कनेक्शन भी प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन अनुज्ञा प्रदान करने का कार्य 30 दिन के स्थान पर 15 दिन में हो रहा है।

सर्वसुविधायुक्त और सुरक्षित होंगे शहर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शहर सिर्फ सीमेंट-कांक्रीट से बने भवनों की पहचान नहीं हैं, बल्कि मध्यप्रदेश के शहरों को अब इस तरह विकसित किया जाएगा कि देश ही नहीं दुनिया में उनकी अलग पहचान होगी। शहर, सुविधायुक्त और सुरक्षित होंगे। शहरों की अधो-संरचना का विकास आवश्यक है। अमीर हो या गरीब, शहर सभी के लिए हैं। भोपाल शहर का मास्टर प्लान शहर के हित में ही तैयार होगा। अन्य स्थानों से नगरों में आने वाले लोगों को दस रूपये में भरपूर भोजन उपलब्ध कराने के लिए दीनदयाल रसोई केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार आवश्यक बजट प्रदान करेगी। रैन बसेरों की व्यवस्था को भी और बेहतर बनाया जाएगा। बच्चों को नशे की आदतों से बचाकर समझाइश दी जाएगी। उनके लिए बनाए गए आश्रय स्थलों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी ।

आंगनबाड़ियों में चलेगा खिलौने दान करने का अभियान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शहरों में आँगनवाड़ियों में खिलौने दान करने का अभियान भी चलेगा। वर्तमान में किसानों और अन्य वर्गों से भी अनाज और अन्य सामग्री आँगनवाड़ी केंद्रों के लिए प्राप्त हो रही है। श्रमिकों के कल्याण के लिए संबल योजना पुनः शुरू की गई है। यह असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की जिंदगी बदलने वाली योजना है। योजना में पूर्व में काटे गए नाम पुनः जोड़े जाएंगे। ऑनलाइन पंजीयन भी हो रहे हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 55 हजार रूपए की राशि का लाभ दिया जा रहा है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आज स्कूली बच्चों को कुपोषण से बचाने का अभिनव कार्यक्रम मूंग दाल वितरण भी शुरू हुआ, जो देश में अनूठा है।

 

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल