शिवराज ने कहा ओलंपिक में भारत के लिए लाएंगे गोल्ड मेडल

हॉकी हमारे देश का मान, जनता का सम्मान है

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजधानी भोपाल को हम एक बार फिर हॉकी की नर्सरी बनाने जा रहे हैं। हम भारत के लिए ओलंपिक का गोल्ड मेडल लेकर आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भोपाल कभी हॉकी की नर्सरी था, हम पुनः भोपाल को हॉकी की नर्सरी के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। हॉकी हमारे देश का मान है, भोपाल की शान है और भारत की जनता का सम्मान है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान औबेदुल्ला खां हेरिटेज कप हॉकी टूर्नामेंट 2022 के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत यदि ओलंपिक से मेडल लाता था, तो वह हॉकी में ही होता था। हमारे खिलाड़ी उत्साह से परिपूर्ण हैं, यदि उन्हें उचित रूप से संसाधन और श्रेष्ठ कोच उपलब्ध हों, तो भारत एक बार फिर हॉकी का सिरमौर बन सकता है।

सुविधाओं में कमी नहीं आने देगी सरकार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं में कोई कमी नहीं आने देगी। संसाधनों, कोचेस और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए हर संभव व्यवस्था की जाएगी। ओबेदुल्ला खान कप, 1931 में स्थापित हुआ था। बीच में यह बंद हो गया, कोरोना के कारण भी इसमें व्यवधान हुआ।  मुख्यमंत्री  ने कहा कि इस टूर्नामेंट के पुनः आरंभ होने पर मेरा मन, आनंद और प्रसन्नता से भरा है। भोपाल में यह टूर्नामेंट 21 से 27 मार्च तक चलेगा और हॉकी को एक बार फिर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

विजेता टीम को पुरस्कार में  मिलेंगे 11 लाख रूपए

टूर्नामेंट में  27 मार्च तक देश की बेहतरीन हॉकी टीमें इंडियन ऑयल, भारतीय रेलवे, पंजाब एंड सिंध बैंक, आर्मी एकादश, मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी, सीएनजी, जीएसटी एंड सेंट्रल एक्साइज़ चैन्नई, पंजाब पुलिस, इंडियन नेवी, आर्मी ग्रीन, सेंट्रल सेक्रेटेरियट और मध्यप्रदेश हॉकी एसोसिएशन शामिल हो रही हैं। सभी टीमें 11 लाख रूपए की पुरस्कार राशि के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट के उप विजेता को सात लाख रूपये, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को तीन लाख रूपये तथा चौथे स्थान पर आने वाली टीम को डेढ़ लाख रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। व्यक्तिगत पुरस्कार की श्रेणी में प्लेयर ऑफ़ द मैच को 5 हज़ार रूपए की राशि प्रति मैच प्रदान की जाएगी। सेमीफ़ाइनल, फाइनल एवं एक हार्ड लाइन मैच के प्लेयर ऑफ़ द मैच को 10 हज़ार रूपए प्रति मैच दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट, बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट डीप डिफ़ेंडर, बेस्ट मिडफ़ील्डर, बेस्ट फारवर्ड को 10 हज़ार रूपए प्रति खिलाड़ी नगद पुरस्कार दिया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग सभी टीमों के आवास, भोजन और स्थानीय यातायात की व्यवस्था करेगा।

पदक प्राप्त खिलाड़ियों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री  ने ताशकंद, उज़्बेकिस्तान में आयोजित एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप में ईपी इवेंट में रजत पदक प्राप्त  प्रज्ञा सिंह तथा कांस्य पदक प्राप्त आर्यन सेन, जार्डन में आयोजित एशियन यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक प्राप्त  अमन सिंह बिष्ट तथा रजत पदक प्राप्त आनंद यादव, आबू धाबी में आयोजित एशियन सेलिंग चैंपियनशिप के 4.7 लेज़र इवेंट में स्वर्ण पदक प्राप्त कुमारी रितिका दांगी और कांस्य पदक प्राप्त कुमारी नेहा ठाकुर को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह ने डैफलंपिक, ब्राज़ील 2022 के लिए चयनित मध्यप्रदेश की बैडमिंटन खिलाड़ी कुमारी गौरांशी शर्मा और टेनिस खिलाड़ी धनंजय दुबे को एक-एक लाख रूपए का प्रतीकात्मक चेक भेंट कर सम्मानित किया।

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल