शिवराज ने विद्यार्थियों के साथ किया योग, बताए फायदे

मध्यप्रदेश में गठित होगा योग आयोगअंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास पर स्कूली विद्यार्थियों के साथ योग किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को योग के फायदे बताए। उन्होंने अपने जीवन में घटित एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि चिकित्सा के साथ साथ उन्हें योग से ज्यादा फायदा मिला, जिसके चलते आज वे 18-18 घंटे काम करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे प्रतिदिन योग करें और निरोग रहें।

योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को न सिर्फ योग के फायदे बताए, बल्कि उनसे रोजाना योग करने का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री  ने छात्रों से कहा कि, योग हमें स्वस्थ रखता है। ऐसे में अगर आप स्वस्थ रहेंगे तो राष्ट्र के नवनिर्माण में अपना अधिकतम योगदान दे सकेंगे। मुख्यमंत्री ने छात्रों को अपने शरीर का महत्व समझने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि हमारा ये शरीर मंदिर है, हमें इसके लिए रोजाना कम से कम 45 मिनट तो जरूर निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग से आप निरोग होंगे और स्वस्थ समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में सहभागी बनेंगे।

सड़क हादसे का किया जिक्र

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने साथ हुए सड़क हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 1998 में मेरा भयानक एक्सीडेंट हुआ था और मुझे नहीं लगता था कि मैं दोबारा कभी चल-फिर भी सकूंगा। लेकिन, आज भी मैं 18-18 घंटे काम बिना थके करने की क्षमता रखता हूं। ये सभी योग के कारण संभव हो सका है। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि, पिछले वर्ष कोरोना संकर्मण के कारण हम सब एक साथ योग नहीं कर सके थे। मैं भी कोविड से संक्रमित हुआ था, लेकिन योग के कारण मेरे शरीर पर उसका अधिक प्रभाव नहीं पड़ा। आज मैं स्वस्थ हूं, तो योग की वजह से।

स्कूलों की दी जाएगी योग शिक्षा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में हम ’योग आयोग’ बना रहे हैं। इसकी पूरी तैयारी भी सरकार की ओर से की जा चुकी है। योग आयोग के जरिए प्रदेश के आमजन के अलावा स्कूलों में भी बच्चों को योग की शिक्षा दी जाएगी। आवश्यकता अनुसार हम इसके योग प्रशिक्षकों की भर्ती भी करेंगे।

पांच चीजें जरूर करें

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों से कहा कि पांच चीजें करें। चुने हुए आसान करें। प्राणायाम, ध्यान और प्रार्थना जरूर करें। अपने आप को परमात्मा से जोड़े। वह पावर बैंक है। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि आजादी के अमृतकाल में योग दिवस की मैं आप सबको बधाई और शुभकामनाएं देता हूं, हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी को मैं धन्यवाद देता हूं कि भारत की प्राचीन विधा योग को दुनिया में पहुंचाने का अद्भुत कार्य किया है।

भोजन जो शरीर के लिए लाभकारी है वही करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं हर रोज तीन पेड़ लगाता हूं। पर्यावरण बचाने के लिए पेड़ लगाना चाहिए और संरक्षण भी करना चाहिए। पेड़ लगाकर ऐसा लगता है कि कुछ अच्छा कार्य किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आग्रह किया कि योग कर मन पर नियंत्रण पाएं। चाहे कुछ भी हो जाए, योग जरूर करें। कई बार कई बच्चे हताश और निराश होते हैं।  कुछ बच्चे ऊर्जा से भरे हुए होते हैं। इसका कारण है कि वे योग करते हैं और मन पर नियंत्रण रखते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज ने यह भी कहा कि एक दिन योग नहीं करें, बल्कि हर रोज योग करें। भोजन जो शरीर के लिए लाभकारी है। वही करें।

 

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल