मुख्यमंत्री शिवराज मनाएंगे अपने गांव का जन्म दिन

मध्य प्रदेश में गांवों के जन्मदिन मनाने की पहल होगी शुरू

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में नई पहल की शुरूआत की है। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने गांवों का जन्मदिन मनाएं। साल में एक दिन गांव के लिए बिताएं। मुख्यमंत्री ने साथ ही यह घोषणा भी कर दी कि  वे अपने गृह ग्राम सीहोर जिले के जैत का जन्म दिन नर्मदा जयंती के अवसर पर मनाएंगे। उन्होंने कहा कि  गांवों के विकास के लिए अब ग्रामीण ही गांव का मास्टर प्लान भी बनाएंगे।

लड़कियों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना, पढ़ने के लिए गांव से दूसरे गांव या कस्बे में जाने वाले लड़कियों के लिए साइकिल देने की योजना हो या सभी वर्गों के लिए अलग अलग योजनाएं चलाकर आम आदमी की जिंदगी को सवांरने में जुटे प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अब नई पहल की शुरूआत की है।  मुख्यमंत्री ने सीहोर जिले के शाहगंज में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए कहा कि उन्होंने तय किया है कि मध्यप्रदेश में हर गांव का जन्म दिन मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत भी वे खुद अपने गृह ग्राम सीहोर जिले के ग्राम जैत से करेंगे। जैत का जन्मदिन मनाने की  दिन भी उन्होंने तय कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अपने गृह ग्राम जैत का जन्मदिन नर्मदा जयंती के अवसर पर मनाएंगे।

ग्रामीण बनाएं गांव का मास्टर प्लान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश को आदर्श राज्य बनाने के लिए ग्रामीणों का आह्वान किया है कि सभी एक दिन गांव में बैठकर गांव का मास्टर प्लान बनाएं। जिससे सरकार उसी अनुरूप विकास की योजनाएं बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत सर्वे करवाकर सभी को उनके आवास का मालिकाना हक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवास प्लस सर्वे के आधार पर भी सभी को पक्के मकान दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का भी प्रदेश में मॉडल बना है और प्रवास के दौरान लाभान्वित व्यक्तियों की बातों से इस बात की पुष्टि होती है।

महिलाओं को बनाएंगे आर्थिक रूप से सशक्त

मुख्यमंत्री कहा कि देश की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बने इसके लिए स्व-सहायता समूह के माध्यम से अनेक आर्थिक गतिविधियों को संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह प्रदेश के स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपए का बैंक लिंकेज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई स्व-सहायता समूह उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।

शिक्षा, रोजगार सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही नहीं शिक्षा और रोजगार भी सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में हर माह रोजगार मेले लगाकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पथ विक्रेता योजना और ग्रामीण आजीविका मिशन में बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराए जाएँगे। मुख्यमंत्री ने जन-प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मेधावी बच्चों को आगे लाये, जिससे गरीब परिवार का कोई बच्चा उच्च शिक्षा से वंचित नहीं हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 फरवरी को रोजगार दिवस मनाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्व-रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

प्रदेश में मनाई जाएगी संत रविदास जयंती

मुख्यमंत्री ने कहा है कि 16 फरवरी को संत रविदास जयंती पूरे प्रदेश में मनाई जाएगी। अनुसूचित जाति समुदाय के विकास और कल्याण के लिए आवश्यकता हुई तो नई योजनाएं बनाई जाएँगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति और गरीब परिवार के बच्चों के लिए निःशुल्क किताबें, छात्रवृत्ति एवं हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही मेधावी बच्चों की मेडिकल, इंजीनियरिंग की फीस भी दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध करा रही है, जिससे गरीब व्यक्ति भी सम्मान के साथ जीवन-यापन कर सके।

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल