नोएडा श्रीकांत त्यागी मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भौंहें चढ़ गई हैं| उन्होंने गृह विभाग से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही गनर देने से लेकर दोषी अधिकारियों व पुलिस कर्मियों समेत आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं| मामले में प्रभारी निरीक्षक, एक उप निरीक्षक और चार आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है और अन्य की जांच की जा रही है|

सीएम योगी पूर्व में कई बैठकों में अधिकारियों को महिलाओं से जुड़े किसी भी अपराध में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दे चुके हैं| महिलाओं को जागरूक करने के लिए सरकार राज्य में मिशन शक्ति अभियान भी चला रही है। तभी तो नोएडा मामले में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं|

मामले में एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है| जल्द होगी गिरफ्तारी। नोएडा पुलिस ने भी इनाम का ऐलान किया है| वहां के प्रभारी निरीक्षक और घटना के बाद सोसायटी में सुरक्षा के लिए तैनात एक उप निरीक्षक और चार आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है|

सोसायटी में जाने वाले हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग की जा रही है। पीड़िता को दो पीएसओ दिए गए हैं। ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।