मध्यप्रदेश में अब महिलाएं बनाएंगी गांवों में सड़क

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा महिला स्व सहायता समूहों को बनाया जाएगा सशक्त

मध्यप्रदेश में अब महिला स्व सहायता समूह  बड़ी, पापड़, अचार, खाद्य सामग्री, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर के अलावा सड़कें बनाने का काम भी करेंगे। सरकार ने पहले इन समूहों को भोपाल जिल के अलावा अन्य जिलों में नगर पालिकाओं से जोड़ा और पेयजल वितरण का काम भी सौंपा हैं। इसके अलावा इन समूहों को जलकर राशि वसूलने का काम भी सौंपने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश की शिवराज सरकार महिला सशक्तिकरण के नारे के तहत महिलाओं को सशक्त बनाते हुए आर्थिक रूप से ताकतवर बनाने के लिए महिला स्वसहायता समूहों को अब हर तरह की जिम्मेदारी भी सौंप रही है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में महिला स्वसहायता समूहों को सशक्त बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेशा में महिलाएं  बड़ी, पापड़, अचार, खाद्य सामग्री, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर से आगे निकल कर गांव की सड़कें भी बनाएंगी। यह महिला सशक्तिकरण के महायज्ञ की शुरूआत है।

स्व सहायता समूहों से जुड़ी है 40 लाख महिलाएं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में स्व-सहायता समूहों से बच्चों के लिए पोषण आहार, शाला गणवेश एवं राशन वितरण का काम भी समूह की बहनें कर रही हैं। स्व-सहायता समूहों का प्रदेश में सालाना 20 हजार करोड़ रूपए का टर्न ओवर है। समूहों से लगभग 40 लाख बहनें जुड़ी है। स्व-सहायता समूहों को सशक्त करने के लिए 3 हजार करोड़ रूपए बैंक लिंकेज के माध्यम से खातों में डाले जायेंगें। शासन की मंशा है कि बहनें हर माह कम से कम 10 हजार रूपए की आय अर्जित करें। बेटियों के सशक्तिकरण में बालाघाट जिला प्रदेश में अव्वल है, यहां बेटा एवं बेटियों को एक समान भाव से देखा जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 मई को प्रदेश भर में लाड़ली लक्ष्मी दिवस मनाया जाएगा।

67   लाख रूपए से ज्यादा वसूला समूहों ने कर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बालाघाट जिले की 179 ग्राम पंचायतों से नल-जल कर, प्रकाश कर, संपत्ति कर एवं स्वच्छता कर वसूली कार्य स्व-सहायता समूहों द्वारा किया गया है। इस कर वसूली कार्य के बदले समूहों को वसूली राशि की 15 प्रतिशत राशि पारिश्रमिक के रूप में दिया जाना निर्धारित किया गया है। अब तक समूहों द्वारा 67 लाख 52 हजार 834 रूपए वसूल किए गए हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  ने कुल वसूल राशि का कमीशन 10 लाख 12 हजार 925 रूपए का भुगतान सांकेतिक रूप से सिंगल क्लिक से किया।

जनता की सेवा में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनता की सेवा के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। स्वास्थ्य शिविर में आए बेटे-बेटियों का इलाज सरकार करेगी। जनता किसी बात की चिंता नहीं करे। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जहां जैसी आवश्यकता होगी वहां इलाज करवाया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर में कोई भी बिना इलाज के नहीं रहेगा।

 

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल