जन-जन में अलख जगाने निकले भाजपाई 
भाजपा ने छह स्थानों से शुरू की जनविश्वास

यात्रायें, सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा

मकसद: भाजपा सरकार के महत्वपूर्ण कामों व अगले पांच साल में प्रदेश को विकास के सभी क्षेत्रों में अव्वल बनाने से जुड़ी भावी कार्ययोजना से अवगत कराना
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्र में मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिये रविवार को प्रदेश के छह स्थानों से जनविश्वास यात्राओं का शुभारंभ किया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने जनविश्वास यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें नड्डा ने अंबेडकर नगर से, योगी ने मथुरा से, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने झांसी से, सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी बिजनौर से, केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गाजीपुर से और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बलिया से पार्टी की जन विश्वास यात्रा को रवाना किया।

सभी यात्राएं प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगी। इनका मकसद भाजपा की सरकार के महत्वपूर्ण कामों और अगले पांच साल में प्रदेश को विकास के सभी क्षेत्रों में अव्वल बनाने से जुड़े भावी कार्ययोजना से अवगत कराना है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2017 में भाजपा ने प्रदेश में इस तरह की यात्राओं के जरिये तत्कालीन सपा सरकार के कार्यकाल में व्याप्त हुए भ्रष्टाचार और गुंडाराज का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि अब इन यात्राओं के जरिये जनता को बताया जाएगा कि किस प्रकार से प्रदेश में विकास कार्यों ने इन बुराइयों से जनता को राहत दी है।

पांच साल तो ट्रेलर था, असली फिल्म शुरू होना बाकी है: गडकरी

जन विश्वास यात्रा का शुभारम्भ करने के बाद बिजनौर जिले के चांदपुर में गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पिछली सरकारों का बिना नाम लिए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम यूपी में केवल गुंडागर्दी को समाप्त नहीं कर रहे हैं। हम गरीबी, भुखमरी और बेरोजगारी को भी समाप्त करने जा रहे हैं, जो पांच साल आपने देखा था, वह तो ट्रेलर था। असली फिल्म शुरू होना बाकी है। इसलिए मैं आपसे आह्वान करता हूं कि एक तरफ मोदी जी के नेतृत्व में हमारा पावरफुल इंजन लगा हुआ है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की राज्य सरकार का डबल इंजन लगा दो, फिर आप शांति से बैठो और देखो कि कैसे चमत्कार होगा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में सड़क गड्ढे में होती थी और इस सरकार में सड़कों का कायाकल्प हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग एक स्टेट से दूसरे स्टेट को जोड़ रहा है। हमें जो यात्रा पहले तीन घंटे में करनी पड़ती थी, वह यात्रा आज एक घंटे में पूरी हो रही है। हम दिल्ली से देहरादून नया रास्ता बना रहे। अगले दो सालों में आप दिल्ली से देहरादून केवल दो घंटे में पहुंच जाएंगे।

कांग्रेस हो या सपा ये सिर्फ वंशवाद की पोषक: शिवराज 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बलिया जिले से जनविश्वास यात्रा का शुभारंभ कर विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही हैं जहां वंशवाद से नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं मे से ही नेता खोज लिया जाता है, दीनदयाल जी, श्यामाप्रसाद मुखर्जी, आडवाणी जी, अटल जी, मोदी जी, योगी जी ये सभी जनता के बीच से निकले हैं। उन्होंने कहा की कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी ये सिर्फ वंशवाद की पोषक हैं, कांग्रेस में नेता हुए जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तो वहीं समाजवादी पार्टी में नेता हुए मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, धर्मेन्द्र यादव इत्यादि वर्षों तक इन परिवारों ने देश और प्रदेश पर राज किया उन्होंने कहा की यदि वंशवाद को पूरी तरह से निर्मूल किसी ने किया है तो भारतीय जनता पार्टी ने किया है, आज एक साधारण कार्यकर्ता भी प्रमुख पदों पर आसीन हो रहा है

गाजीपुर में माफिया की छाती पर बुलडोजर चला तो दर्द अखिलेश को हुआ: स्मृति  

गाजीपुर में जनविश्वास यात्रा को रवाना करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पहले गाजीपुर की बलिदानी धरती को प्रणाम किया। उन्होंने भारत माता की जय से अपने उद्बोधन का शुभारंभ करते हुए गाजीपुर की बलिदानी धरती को प्रणाम किया। कहा कि यह यात्रा जनता के प्रति भाजपा के विश्वास को भावना को समर्पित कर गांव-गांव, शहर-शहर जाएगी। आह्वान किया कि जहां से यात्रा गुजरे तो याद दिलाओ कि भूलना मत वो मंजर जब साइकिल के साथ वो हाथ का पंजा जुड़ा था और वो हाथ हमारी मां-बहनों का आंचल उड़ाया करता था। भूलना मत उप्र का वो मंजर जब गरीब की बेटियों पर लाठी चलाई जाती थी, सरकारी नौकरी नेता अपनी जेब में रखते थे और भाई-भतीजे को बांटते थे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के भाइयों भूलना मत वो मंजर जब किसान खाद के लिए लड़ता था और किसानों पर लाठी चलाने से सपा का कोई भी नेता डरता नहीं था। भूलना मत, गरीबों को लूट-लूट कर गुंडे-माफिया अपना आलीशान महल बनाते थे। कहा कि जिनकी याददाश्त कमजोर है, उनसे कहना चाहती हूं गाजीपुर में भी बुलडोजर चलाया गया माफिया के छाती पर। दर्द हुआ तो अखिलेश को हुआ।