अब हवाई यात्रा से भी तीर्थ करने जाएंगे मध्यप्रदेश के वृद्ध

 शिवराज सरकार ने लिया फैसला, अप्रैल से शुरू होगी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फैसला लिया है कि प्रदेश के लोगों को तीर्थ कराने के लिए तीर्थ दर्शन यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा। बीच में यह यात्रा बंद हो गई थी, अब अप्रैल माह से इसे फिर शुरू किया जाएगा। इस बार यात्रा में वे तीर्थ स्थल भी जोड़े जाएंगे, जहां पर हवाई यात्रा से तीर्थ यात्री पहुंच सकें और तीर्थ दर्शन कर सकें। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के वृद्धजनों को निशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह फैसला पर्यटन नगरीय पचमढ़ी में अपने मंत्रियों से चर्चा कर लिया। मंत्रियों की ओर से बैठक में  इस योजना में  यह प्रस्ताव भी आया है कि ट्रेन के साथ-साथ हवाई सेवाओं के जरिए भी प्रदेश के वृद्धजनों को तीर्थ दर्शन कराया जाए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस प्रस्ताव पर निर्णय लेने के बारे में विचार करने को कहा है।

गंगा स्नान, काशी कारीडोर के दर्शन करने जाएंगे यात्री

तीर्थ दर्शन योजना के  प्रजेंटेशन की समिति में मंत्री उषा ठाकुर, गोविंद राजपूत और मोहन यादव हैं। मंत्री उषा ठाकुर प्रजेंटेशन ने प्रस्तुत किया और कहा कि कोविड काल में योजना बंद थी। इसे अप्रैल माह में फिर शुरू करने की योजना है। अप्रैल माह में 2 – 3 ट्रेन भेजने का निर्णय लिया गया है। यह तय हुआ है कि गंगा स्नान, काशी कारीडोर, संत रविदास और कबीरदास के स्थलों के दर्शन के साथ योजना दोबारा शुरू होगी।

मुख्यमंत्री, मंत्री भी जाएंगे यात्रियों के साथ तीर्थ स्थल पर

योजना के तहत यह भी बताया गया कि पुनः शुरू होने वाली तीर्थ दर्शन यात्रा में मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्री भी ट्रेन में तीर्थ यात्रियों के साथ जाएंगे। बोगी में स्पीकर सिस्टम के माध्यम से तीर्थ स्थलों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। मंत्रिमंडल ने यह तय किया कि तीर्थ दर्शन यात्रा के कुछ स्थलों को हवाई तीर्थ दर्शन यात्रा से भी जोड़ा जाएगा। सरकार कुछ तीर्थ स्थलों को वायु मार्ग से भेजने पर विचार करेगी, आज सुझाव आया है, इसे सभी संभावनाओं पर विचार कर जल्द अंतिम रूप दिए जाने के निर्देश दिए गए।

शिवराज की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है तीर्थ दर्शन योजना

तीर्थ दर्शन यात्रा की शुरुआत मध्यप्रदेश से हुई थी। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक इस योजना का अन्य राज्यों द्वारा अनुसरण किया गया। प्रेजेंटेशन के बीच मुख्यमंत्री ने योजना शुरू करने की बात सुनाई। उन्होंने बताया कि एक सभा में एक बुजुर्ग ने कहा कि शिवराज शासन की कई योजनाओं का लाभ तो मिल जाता है बस इस उम्र एक बार चार धाम की यात्रा का प्रबंध कर दो। बुजुर्ग के इस अनुरोध के बाद विचार आया कि सरकार को प्रदेश के बुजुर्गो को तीर्थ यात्रा पर भेजने की योजना बनाना चाहिए और विचार विमर्श कर तीर्थ दर्शन यात्रा का सृजन किया गया।

लाडली लक्ष्मी दिवस मनाया जाएगा 2 मई को

मंत्रियों के साथ चिंतन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फैसला किया कि आगामी 2 मई को लाडली लक्ष्मी दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास करेंगे कि लाडली लक्ष्मी होना गर्व की बात है। इस योजना को नई ऊंचाइयों देंगे। हमारी बेटियां लीड कर रही हैं। वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने इसके लिए हर प्रकार की सहायता और मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रदेश में  43 लाख लाडली लक्ष्मी बेटियां हैं। इन सभी के परिवारों को जोड़ने के लिए कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा।

 

द्वारा राजेंद्र पाराशर पत्रकार भोपाल